मारवाड़ी संस्कृति मंच का दीपावली महोत्सव 
कोलकाता सिटी

तिरुपति बालाजी की थीम पर सजेगा मारवाड़ी संस्कृति मंच का दीपावली महोत्सव

24 फीट की महालक्ष्मी प्रतिमा, सामूहिक महाआरती और संगीतमय आतिशबाजी होंगे मुख्य आकर्षण

Ravi

कोलकाता : मारवाड़ी संस्कृति मंच की ओर से इस वर्ष दीपावली महोत्सव का आयोजन दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तिरुपति बालाजी की थीम पर किया जाएगा। आगामी 7 नवंबर, शनिवार को साल्टलेक स्थित सेंट्रल पार्क, करुणामयी में आयोजित होने वाला यह समारोह धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक भव्यता का अनूठा संगम होगा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण पश्चिम बंगाल के कुशल कलाकारों द्वारा तैयार की गई 24 फीट ऊंची महालक्ष्मी की भव्य प्रतिमा होगी, जिसका विधिवत पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही सैकड़ों महिलाओं की सहभागिता में सामूहिक महाआरती आयोजित होगी।

कार्यक्रम में लोकप्रिय कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो और संगीतबद्ध आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। परिवारों एवं बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद लिया जा सकेगा।

गौरतलब है कि 14 वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय मंच भारतीय सनातन संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। संस्था द्वारा होली महोत्सव, श्रावणी तीज तथा दिसंबर के अंतिम आठ दिनों में मरुधर मेले का आयोजन भी किया जाता है। मरुधर मेले में राजस्थानी, हरियाणवी और बंगाली लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है।

आयोजकों के अनुसार, इस बार तिरुपति बालाजी की थीम के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने के साथ पारिवारिक एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।

SCROLL FOR NEXT