कोलकाता : 21 जुलाई के प्रस्तावित शहीद दिवस कार्यक्रम को अपनी राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के रूप में पेश करने की तैयारी में जुटे विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट ने छह प्रमुख जिलों पर विशेष फोकस किया है।
बुधवार को दक्षिण कोलकाता के एक होटल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, नदिया, हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना के जिला नेतृत्व के साथ विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में इन जिलों के नेताओं को कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 21 जुलाई के कार्यक्रम को केवल एक राजनीतिक रैली के रूप में नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस के इतिहास, संघर्ष, शहादत और विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में जनता के सामने प्रस्तुत किया जाए। प्रत्येक जिले को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कोलकाता लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गांधी प्रतिमा के निकट प्रस्तावित सभा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। परिवहन व्यवस्था, कार्यकर्ताओं के समन्वय, प्रचार रणनीति, स्वयंसेवकों की तैनाती और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह कार्यक्रम संगठनात्मक मजबूती और जनसमर्थन का स्पष्ट संदेश देगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोमवार को गुट के अखिल भारतीय चेयरमैन अरूप राय, पूर्व महापौर फिरहाद हकीम, विधायक जावेद खान तथा संदीपन साहा ने गांधी प्रतिमा के निकट कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था। गुट का दावा है कि 21 जुलाई का यह आयोजन उसकी राजनीतिक सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता का बड़ा प्रदर्शन साबित होगा।