सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला को होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने आरोपी चित्तरंजन पात्र को सात साल के कारावास की सजा सुनाई है। गुरुवार को सियालदह अदालत की दूसरी फास्ट ट्रैक अदालत की न्यायाधीश पर्णा भट्टाचार्य ने यह फैसला सुनाया। विशेष सरकारी अधिवक्ता असीम कुमार ने बताया कि घटना 26 अक्टूबर 2016 को बेनियापुकुर थाना क्षेत्र के पार्क सर्कस इलाके में हुई थी। आरोप था कि नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर एक महिला को होटल में ले जाया गया और उससे दुष्कर्म किया गया। इस संबंध में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की सुनवाई सियालदह अदालत में चल रही थी। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी चित्तरंजन पात्र को दोषी करार दिया गया। अदालत ने उसे सात साल के कारावास के साथ 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे अतिरिक्त 10 महीने की कैद भुगतनी होगी।