दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पार्क स्ट्रीट थाना इलाके में देर रात बार से घर लौट रहे एक व्यक्ति को कथित तौर पर सुनसान जगह ले जाकर ब्लेड दिखाकर डराने और मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बदमाशों ने मोबाइल फोन छीनने के बाद ऑनलाइन माध्यम से पीड़ित के खाते से 20 हजार रुपये भी निकाल लिए।
शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बैंकशाल अदालत में पेश किया। सरकारी अधिवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने अदालत को बताया कि घटना 14 अगस्त की देर रात की है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पहले पीड़ित से मदद मांगी और बाद में उसे एक सुनसान स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां ब्लेड दिखाकर उसे डराया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसके बाद मोबाइल के जरिए ऑनलाइन माध्यम से करीब 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।