कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार की देर रात एक युवक का रक्तरंजित शव सड़क किनारे बरामद हुआ। घटना सरसुना थाना अंतर्गत बागपोता रोड इलाके की है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय भोलानाथ विश्वास के रूप में हुई है। शरीर पर गहरे जख्मों के निशान मिलने से प्राथमिक तौर पर इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। मृतक के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं।
शोर सुनकर जुटे पड़ोसी, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भोलानाथ विश्वास बागपोता रोड स्थित एक मकान में लंबे समय से किराये पर रह रहा था। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें घर के पास सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत सरसुना थाने को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला है कि मृतक की गर्दन और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान हैं। पुलिस का अनुमान है कि हमलावरों ने बेहद करीब से उस पर हमला किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए लालबाजार मुख्यालय से होमीसाइड स्क्वाड और साइंटिफिक विंग की टीम देर रात ही मौके पर पहुंच गई।
डॉग स्क्वाड और सीसीटीवी पर टिकी जांच
शनिवार की सुबह लालबाजार के खोजी कुत्तों की मदद से इलाके की तलाशी ली गई। पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है कि क्या भोलानाथ की किसी से पुरानी रंजिश थी? क्या उसकी हत्या इसी स्थान पर हुई या कहीं और मारकर शव यहां फेंका गया? बाद में पुलिस ने घटना की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पड़ोसियों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।