कोलकाता : ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 16.70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में न्यू मार्केट थाना में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता संजय सार्वाधिकारी ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने उससे संपर्क कर खुद को निवेश सलाहकार बताकर उनसे बातचीत की। आरोपितों ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए दोस्ती की और बाद में खुद को मेंटर बताकर एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। अर्निश मैथ्यू नाम के एक व्यक्ति ने खुद को गाइड बताकर भरोसा दिलाया कि निवेश पर भारी मुनाफा मिलेगा। शिकायत के अनुसार, लगातार फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए दबाव बनाकर आरोपितों ने पीड़ित से यूपीआई और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से कुल लगभग 16.70 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिये लेकिन इसके बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपितों ने बार-बार और अधिक पैसे निवेश करने का दबाव बनाया, यहां तक कि क्रेडिट स्कोर बढ़ाने के नाम पर भी रकम जमा करने को कहा गया। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने इसकी शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित मोबाइल नंबरों व बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।