फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 16.20 लाख रुपये की ठगी

बागुईआटी थाना ने दर्ज की जीरो एफआईआर, मामला काशीपुर थाना में ट्रांसफर

सोशल मीडिया के जरिए जालसाज ने फंसाया

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर एक युवक से 16.20 लाख रुपये की ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बागुईआटी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ''जीरो एफआईआर'' दर्ज की है। चूंकि घटनास्थल काशीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए इस मामले को आगे की जांच के लिए कोलकाता पुलिस के काशीपुर थाने में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, काशीपुर के प्राण नाथ चौधरी लेन निवासी सौविक रॉय ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उनकी मुलाकात कल्लोल चक्रवर्ती नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी कल्लोल के पता हुगली जिले के बांसबेड़िया और बागुईआटी के देशबंधु नगर में पाए गए हैं। कल्लोल ने सौविक को अपने झांसे में लिया और शेयर बाजार में पैसे लगाकर मोटी कमाई कराने का भरोसा दिया। आरोपी की बातों पर भरोसा करके सौविक ने मई 2022 से अक्टूबर 2022 के बीच विभिन्न कंपनियों के शेयर खरीदने के लिए कुल 16.20 लाख रुपये आरोपी को सौंप दिए।

मेल भेजकर गायब हुआ आरोपी

पीड़ित का आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा। फरवरी 2023 में आरोपी ने सौविक को एक ईमेल भेजा, जिसमें उसने बकाया रकम की बात स्वीकार की और भरोसा दिलाया कि अप्रैल 2023 तक वह सारा पैसा लौटा देगा लेकिन इसके बाद भी उसने एक रुपया नहीं लौटाया। जब पीड़ित ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी अपना ठिकाना बदलकर फरार हो चुका था। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने अंततः पुलिस की शरण ली।

SCROLL FOR NEXT