सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : इकबालपुर थाना अन्तर्गत वारसी लेन में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक स्थानीय व्यापारी की कनपटी पर बंदूक तानकर लूटपाट की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने व्यापारी से नकदी, सोने-चांदी के गहने, मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिए। विरोध करने पर पिस्तौल की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौलाना मोहम्मद अली रोड के निवासी पीड़ित शेख सलाउद्दीन रेडीमेड कपड़ों और अन्य वस्तुओं का व्यवसाय करते हैं। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आसिफ और समीर नामक स्थानीय बदमाश उनसे भारी रकम की रंगदारी मांग रहे थे और फोन पर धमकियां दे रहे थे। सलाउद्दीन ने उनकी मांग को तवज्जो नहीं दी थी। शुक्रवार रात करीब 12 बजे जब सलाउद्दीन पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी वारसी लेन में आसिफ ने दो अन्य साथियों के साथ उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में विक्की नामक एक अन्य बदमाश अपने 7-8 साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि आसिफ ने सलाउद्दीन के सिर पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्तौल की बट से उनके सिर व गर्दन पर वार किया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी सोने की अंगूठी, चांदी की चेन, 5,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पैन और आधार कार्ड लूट लिए।
सलाउद्दीन के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसे देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। स्थानीय निवासियों की मदद से पीड़ित को बचाया गया, जिसके बाद उन्होंने इकबालपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हथियार दिखाकर लूटपाट, रंगदारी और हमले से जुड़ी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित एक ही इलाके के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ इकबालपुर थाने में पहले से भी डकैती और हथियार लहराने के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।