कोलकाता : बड़ाबाजार के आर्मेनियन स्ट्रीट इलाके में 'बंजारा गैंग' ने एक बार फिर सक्रिय होते हुए एक कर्मचारी को अपना निशाना बनाया। गुरुवार की शाम हुई इस घटना में गिरोह के सदस्यों ने रामकृपाल पाठक नामक व्यक्ति को घेरकर उनके पास रखे 65 हजार रुपये उड़ा लिये। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामकृपाल पाठक हावड़ा के फोरशोर रोड के निवासी हैं और बड़ाबाजार के ही ताराचंद दत्ता स्ट्रीट स्थित एक संस्थान में कार्यरत हैं। गुरुवार की शाम जब वह अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी आर्मेनियन स्ट्रीट के पास बंजारा गैंग के सदस्यों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, शातिर अपराधियों ने बड़ी सफाई से उनके पास मौजूद 65 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। गौरतलब है कि बड़ाबाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में बंजारा गैंग की सक्रियता पहले भी पुलिस के लिए सिरदर्द बनी रही है।