फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

आनंदपुर में युवक का अपहरण कर मांगी 50 लाख रुपये की फिरौती

आनंदपुर थाने में दर्ज अपहरण व फिरौती की शिकायत

कोलकाता : महानगर में एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर उत्तर पंचान्नग्राम के रहनेवाले आदिल हुसैन ने आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मुख्य अभियुक्त मोहन उर्फ सागीर हुसैन एवं उसके साथियों की तलाश कर रही है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की रात करीब 9.30 बजे पीड़ित आदिल हुसैन जब उत्तर पंचान्नग्राम इलाके में स्थित अपने घर के बाहर खड़ा था तभी 4 युवक आए और धारदार हथियार की नोक पर उसे बंधक बना लिया। आरोप है कि अभियुक्तों ने उसे जबरन एक कार में बैठाया और अपने साथ तिलजला इलाके में ले गये। आरोप है कि अभियुक्त सोना तथा उसके अन्य सहयोगियों ने युवक को कथित रूप से ‘चाइनीज चापर’ जैसे घातक हथियार दिखाकर डराया-धमकाया । बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद पीड़ित को मुख्य अभियुक्त मोहन उर्फ सगीर हुसैन के पास ले जाया गया, जहां आरोपितों ने उससे 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। बाद में अभियुक्तों ने आदिल रुपये देने की बातकहकर रिहा कर दिया। घर पहुंचने के बाद आदिल हुसैन ने आनंदपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी। इस बीच पीड़ित के अपहरण की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार प्राथमिक जांच में पता चला कि पार्क स्ट्रीट इलाके में एक संपत्ति की ब्रोकरेज के रुपये को लेकर मोहन के गुट के व्यक्ति और आदिल के बीच विवाद था। संभवत: इसी कारणवश उसका अपहरण किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT