कोलकाता : एसएसकेएम अस्पताल में शुक्रवार की सुबह चौथी मंजिल पर एक व्यक्ति का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान इमरान सरदार (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इमरान सरदार अस्पताल में संविदा आधार पर सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार की सुबह अन्य कर्मचारी जब गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के आउटडोर विभाग को खोलने गए, तो उन्होंने चौथी मंजिल के आठ नंबर कमरे में इमरान का शव फंदे से लटकता हुआ पाया। तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस ने मृतक की मौत के कारण को लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या थी या हत्या। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। यह घटना आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हाल ही में हुई लिफ्ट हादसे के बाद अस्पताल सुरक्षा और कर्मचारियों की परिस्थितियों पर बढ़ती चिंताओं के बीच सामने आई है। यहां उल्लेखनीय है कि आरजी कर अस्पताल में लिफ्ट में फंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। उक्त व्यक्ति अपने बेटे की इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंच था तभी लिफ्ट में आयी यात्रिक खराबी के कारण गिरने से उसकी मौत हो गयी।