फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

गुमशुदा बेटे की तलाश के नाम पर 25 लाख से अधिक की ठगी

गरियाहाट थाना में मामला दर्ज

कोलकाता : गुमशुदा बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहे एक बेबस पिता से डिटेक्टिव एजेंसी के जांचकर्ता द्वारा 25 लाख रुपये से अधिक रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पिता श्रीमंत समाद्दार (64) ने गरियाहाट थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने पैसों की वसूली की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार पूर्व बर्धमान जिले के श्रीपल्ली निवासी श्रीमंत समाद्दार का बेटा स्वस्तिक समाद्दार 21 जनवरी 2024 से लापता है। बर्दवान पुलिस से कोई मदद नहीं मिलने पर पीड़ित ने कोलकाता की एक निजी जासूसी संस्था से संपर्क किया और 5 लाख रुपये में समझौता किया। एजेंसी ने इस मामले की जांच का जिम्मा सम्राट भौमिक नामक व्यक्ति को सौंपा। आरोप है कि मार्च और अप्रैल 2025 में आरोपी सम्राट भौमिक ने पीड़ित को झांसा दिया कि उनका बेटा पुरुलिया और झारखंड सीमा के आसपास देखा गया है। खबरी को पैसे देने और रेस्क्यू ऑपरेशन के बहाने आरोपी ने समय-समय पर ई-वॉलेट ट्रांसफर के जरिए पीड़ित से कुल 25.34 लाख रुपये ठग लिए। दिसंबर 2025 में जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। आरोपी ने केवल 4 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम देने से साफ इनकार करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी।

मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंचे पीड़ित

पीड़ित पिता ने इस मामले की शिकायत पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के ''जनता दरबार'' में भी की थी, जिसके बाद मामले को सीआईडी को सौंपा गया था। अब गरियाहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से इसे एफआईआर में तब्दील कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

SCROLL FOR NEXT