कोलकाता : वेडिंग वेबसाइट पर दूसरी पत्नी की तलाश करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। आरोप है कि लुटेरी दुल्हन ने उनकी 10 साल की बेटी की मां बनने का सपना दिखा कर उससे 20 लाख रुपये ऐंठ लिये और फिर फरार हो गयी। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित महेश सोनकर ने सिंथी थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि महिला ने पहले शादी का वादा किया, फिर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश कराने के नाम पर पैसे ऐंठे और बाद में ब्लॉक कर दिया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार सिंथी के गणपति सरणी के रहनेवाले पीड़ित महेश कुमार सोनकर ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के अनुसार, उनकी पहली पत्नी की मृत्यु के बाद वे अपनी 10 वर्षीय बेटी की देखभाल और दूसरी शादी के लिए रांची गए थे। वहां उन्होंने मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर अपना प्रोफाइल डाला था।
इसी साइट के जरिए उनका संपर्क रांची की एक 30 वर्षीय महिला अनया शर्मा (बदला हुआ नाम) से हुआ, जो खुद को एक नामी इन्वेस्टमेंट कंपनी में सीनियर फाइनेंशियल एनालिस्ट बताती थी। महिला ने फोन और वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू की, शादी का प्रस्ताव रखा और भविष्य की योजनाएं बनाते हुए कोलकाता आने की बात कही।
उसने पीड़ित को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में पैसा लगाने के लिए उकसाया। पहले 23 जुलाई 2025 को 20,000 रुपये लिए गए, फिर धीरे-धीरे कुल 20 लाख रुपये तक ट्रांसफर करवा लिए गए। जब महेश कुमार ने अपना पैसा निकालने की कोशिश की तो प्लेटफॉर्म ने निकासी रोक दी और महिला ने फोन उठाना व जवाब देना बंद कर उन्हें ब्लॉक कर दिया। पीड़ित का कहना है कि यह सोची-समझी ठगी और साइबर फ्रॉड है। उन्होंने सिंथी में तुरंत जांच और ठगी गए पैसे की वापसी के लिए आवेदन दिया है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के बैंक खातों, फोन नंबर और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की छानबीन की जा रही है।