फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

काशीपुर में पत्नी के प्रेमी के हमले में घायल वृद्ध की मौत

हत्या की धारा जुड़ेगी

कोलकाता : काशीपुर थाना इलाके में मंगलवार की रात एक पत्नी के प्रेमी द्वारा ताबड़तोड़ चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृत बुजुर्ग की पहचान काजल मन्ना (60) के रूप में हुई है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस वारदात में महिला समेत कुल छह लोग जख्मी हुए थे। वारदात के बाद मुस्तैद काशीपुर थाना पुलिस ने हमलावर युवक दिलीप पाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या की नई धारा जोड़ने जा रही है।

रिश्ता टूटने से नाराज था आरोपी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार दिलीप पाल का काशीपुर इलाके की ही एक विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले महिला ने इस विवाहेतर संबंध को खत्म कर दिया था। इससे नाराज आरोपी लगातार महिला पर रिश्ता दोबारा शुरू करने का दबाव बना रहा था, लेकिन महिला अपने फैसले पर अडिग थी।

बीच-बचाव करने आए पति पर किया जानलेवा हमला

आरोप है कि मंगलवार की रात आरोपी दिलीप अचानक महिला के घर धमक पड़ा और दोबारा रिश्ता जोड़ने के लिए दबाव बनाने लगा। जब महिला ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी झगड़े पर उतारू हो गया। विवाद बढ़ने पर दिलीप ने अपने पास रखे धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पति काजल मन्ना और आसपास के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। इससे बौखलाए आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में महिला, उसके पति और पड़ोसियों समेत कुल छह लोग लहूलुहान हो गए थे।

मामले में जुड़ेगी हत्या की धारा

गुरुवार को इलाज के दौरान जख्मी पति काजल मन्ना की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। काशीपुर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी दिलीप पाल के खिलाफ पहले से दर्ज मामले में अब हत्या की धारा (बीएनएस के तहत) भी जोड़ी जाएगी, ताकि आरोपी को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT