फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

कपड़े सुखाने के दौरान करंट लगने से एक की मौत

इकबालपुर के भू कैलाश रोड की घटना, दूसरा गंभीर

कोलकाता : शनिवार को करंट लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गया एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। घटना इकबालपुर थानांतर्गत भू कैलाश रोड की है। मृतक की पहचान 51 वर्षीय शिवशरण प्रसाद साव के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति का नाम देवशरण साव (45) बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार को शिवशरण अपने घर की छत पर गीले कपड़े तार पर फैला रहे थे। उसी दौरान वह लोहे के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तड़पता देख देवशरण उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वह भी बिजली के तेज झटके की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवशरण प्रसाद साव को मृत घोषित कर दिया। देवशरण की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार चल रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि घर के व्यक्तिगत बिजली मीटर में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से लोहे के तार में करंट आ गया था। चुनाव के माहौल के बीच हुई इस घटना से इकबालपुर इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी रोष देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ-साथ सीईएससी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बिजली के कनेक्शन की जांच की ताकि आगे कोई और हादसा न हो।

SCROLL FOR NEXT