इसी जगह पर व्यक्ति ने की थी आत्महत्या  
कोलकाता सिटी

सिरफिरे पति ने कटारी से पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर नींद की गोलियां खाकर कर ली खुदकुशी

कमरे से बरामद हुआ हस्तलिखित सुसाइड नोट

मानसिक रूप से बीमार था आरोपी पति

एसएसकेएम अस्पताल में दोनों को घोषित किया गया मृत

कोलकाता : महानगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी नींद की गोलियां खाकर अपनी जान दे दी। घटना कालीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदू रोड पर घटी है। मृतकों की पहचान डोली दे (56) और उनके पति बरुण कुमार दे (64) के रूप में हुई है।

घटना की खबर मिलते ही कालीघाट थाने के अधिकारी (OC T2) तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा थी। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि लगभग शाम 6:30 बजे पारिवारिक कलह के दौरान बरुण कुमार दे ने अपनी पत्नी डोली दे पर भोथरी कटारी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अचेत महिला को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया गया।

इसके बाद जब पुलिस मकान के कमरे में दाखिल हुई, तो देखा कि बरुण कुमार दे भी अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है और उसके दोनों हाथों पर कटने के गहरे निशान हैं। पुलिस ने तुरंत उसे भी एसएसकेएम अस्पताल पहुंचाया। हालाँकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को "मृत लाया गया" घोषित कर दिया।

शराब के साथ खाईं नींद की गोलियां, कमरे से सुसाइड नोट बरामद

शुरुआती जांच और स्थानीय पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति बरुण कुमार दे ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शराब के साथ भारी मात्रा में नींद की गोलियां खा लीं और हाथ की नसें काट लीं। मृतक के परिजनों ने खुलासा किया कि बरुण काफी समय से किसी मानसिक विकार से पीड़ित था। पुलिस ने तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक हाथ से लिखा हुआ सुसाइड नोट भी जब्त किया है।

होमिसाइड सेक्शन को सौंपी गई जानकारी, इलाका सील

घटनास्थल को पुलिस ने पूरी तरह से सील कर दिया है और वहां कड़ा पहरा तैनात किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी पूरी जानकारी लालबाजार के होमिसाइड सेक्शन को भेज दी गई है। पुलिस सुसाइड नोट और हत्या में इस्तेमाल की गई कटारी को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT