फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 13.60 लाख रुपये की ठगी

विधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत

कोलकाता : महानगर में पार्ट टाइम वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 13.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बताया कि टेलीग्राम ऐप के जरिए संपर्क कर उसे होटल रिजर्वेशन का ऑनलाइन काम देने का लालच दिया गया और धीरे-धीरे भारी रकम जमा कराने के बाद ठगों ने और पैसे की मांग शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को पीड़ित ने प्रशिक्षण के तौर पर काम शुरू किया और उसे 1000 रुपये ‘गिफ्ट’ के रूप में दिए गए। 16 फरवरी को कस्टमर सपोर्ट के निर्देश पर 10,000 रुपये जमा कर 60 रिजर्वेशन पूरे करने पर उसे 15,200 रुपये मिले। 17 फरवरी को दोबारा काम शुरू करने पर दूसरे सेट में ‘लक्जरी रिजर्वेशन’ के नाम पर 21,054 रुपये अतिरिक्त जमा करने को कहा गया। 18 फरवरी को रकम जमा करने के बाद उसे कुल 41,491 रुपये मिले। इसके बाद 19 फरवरी को ‘एनिवर्सरी स्पेशल ऑफर’ के नाम पर 50,000 रुपये की ज्वाइनिंग फीस जमा कराई गई। काम के दौरान फिर से ‘लक्जरी रिजर्वेशन’ बताकर 79,068 रुपये और बाद में 1,69,248 रुपये जमा करने को कहा गया। पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में यह रकम भी जमा कर दी। इसके बाद 4.95 लाख रुपये और जमा कराने के बाद उसे बताया गया कि उसने कुल 11.32 लाख रुपये जीत लिए हैं। जब उसने पूरी राशि निकालने के लिए आवेदन किया तो कहा गया कि एक बार में अधिकतम तीन लाख रुपये ही निकाले जा सकते हैं। साथ ही 5.66 लाख रुपये ‘सिक्योरिटी डिपॉजिट’ के तौर पर जमा करने की शर्त रखी गई। बार-बार आश्वासन देने पर पीड़ित ने अपनी और पत्नी की बचत की अंतिम राशि भी जमा कर दी। 21 फरवरी को जब उसने भुगतान के लिए संपर्क किया तो उससे 4.92 लाख रुपये टीडीएस, सेस और सरचार्ज के नाम पर और मांगे गए। ठगी का अहसास होने पर उसने विधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

SCROLL FOR NEXT