फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

500 रुपये के 3.50 लाख के नोट लेकर थमा दिया ''कागज भरा बैग''

दीघा में होटल का इंटीरियर वर्क का काम दिलाने के नाम पर हुआ था परिचय

भवानीपुर थाना में मामला दर्ज

कोलकाता : महानगर में नोट बदलने और होटल इंटीरियर का काम देने के नाम पर एक युवक से 3.50 लाख की साइबर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर भवानीपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंटीरियर वर्क के सिलसिले में हुआ था संपर्क

कोलकाता के उमा दास लेन के रहने वाले सौगत दास (29) के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को इंडिया मार्ट के माध्यम से अमित मैती नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने दीघा के एक होटल में पेंटिंग और इंटीरियर डिजाइनिंग के काम की पेशकश की। इसके बाद अमित ने ''दत्त बाबू'' उर्फ बुलटी राणा से बात कराई। लेक मॉल स्थित एक कैफे में बैठक के दौरान आरोपियों ने सौगत के सामने नोट बदलने का प्रस्ताव रखा।

500 रुपये के नोट के बदले बैंक ट्रांसफर का झांसा

आरोपियों ने दावा किया कि उनके किसी बड़े नेता/नेता से जुड़े व्यक्ति के पास 100 रुपये के नोटों में भारी नकदी है, जिसे वे 500 रुपये के नोटों में बदलना चाहते हैं। उन्होंने पीड़ित को 3.50 लाख रुपये नकद (500 रुपये के नोटों में) देने के बदले उनके बैंक खाते में 5 लाख रुपये जमा कराने का लालच दिया।

कार में चालाकी से बदला लॉक किया हुआ बैग

6 सितंबर 2026 को भवानीपुर के गुप्ता ब्रदर्स के पास दोपहर करीब 3:10 बजे बैठक तय हुई। आरोपी बुलटी राणा और एक अन्य व्यक्ति मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में आए। कार के अंदर सौगत ने 3.5 लाख रुपये की नकदी आरोपियों को दिखाई। आरोपियों ने वह रकम एक पाउच में रखकर सूटकेस में लॉक कर दी और पीड़ित को थमाते हुए दावा किया कि खाते में पैसे ट्रांसफर होते ही वे चाबी दे देंगे। लेकिन चालाकी से आरोपियों ने असली बैग की जगह दूसरा पहले से लॉक किया हुआ बैग पीड़ित को थमा दिया।

बैंक में पैसे नहीं आए, फोन भी हुआ स्विच ऑफ

आरोपियों के जाने के 1-2 घंटे बाद भी जब पीड़ित के बैंक खाते में रकम जमा नहीं हुई, तो उसने फोन किया। फोन बंद मिलने पर पीड़ित को संदेह हुआ। जब उसने बैग का लॉक तोड़कर देखा, तो उसमें नकदी की जगह सफेद कागजों का बंडल भरा हुआ था। ठगी का अहसास होने पर सौगत दास ने तुरंत भवानीपुर थाने पहुंचकर अमित मैती, बुलटी राणा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है।


SCROLL FOR NEXT