फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर 2.21 लाख की ठगी

विधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ मामला

विधाननगर: सॉल्टलेक के डीएफ ब्लॉक में साइबर ठगों ने एक युवक को अपना शिकार बना लिया। जालसाजों ने खुद को ई-कॉमर्स कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पार्ट-टाइम नौकरी का झांसा दिया और युवक से 2.21 लाख रुपये ठग लिए। मामले में पीड़ित सोमेन दास ने पुलिस और विधाननगर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, 2 मई 2026 को उनके पास दो विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर संदेश आए। संपर्क करने वालों ने खुद को मीशो का अधिकारी बताते हुए घर बैठे कमाई करने का ऑफर दिया। शुरुआत में उन्हें कुछ आसान ऑनलाइन टास्क दिए गए और भरोसा जीतने के लिए थोड़ा कमीशन भी दिया गया। इसके बाद ठगों ने सोमेन को ऑनलाइन वॉलेट रिचार्ज करने और उत्पाद खरीदने के नाम पर अधिक पैसे निवेश करने के लिए कहा। भरोसे में आकर सोमेन ने अपने बैंक खातों से कुल 2.21 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में ट्रांसफर कर दिए।

जब उन्होंने अपनी जमा राशि और कमीशन वापस मांगा, तो जालसाजों ने उनसे और पैसे जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान सोमेन को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस और साइबर सेल से मदद की गुहार लगाई।


SCROLL FOR NEXT