विधाननगर : राजारहाट के एक 53 वर्षीय व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से दो अनधिकृत ऑनलाइन लेनदेन के जरिए लगभग दो लाख रुपये की ठगी की गई। इस संबंध में विधाननगर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, राजारहाट स्थित एक हाईराइज कॉम्प्लेक्स के रहनेवाले संजीब साहा ने लिखित शिकायत में बताया कि 27 जनवरी 2026 की शाम करीब 6.27 बजे और 6.28 बजे उन्हें दो एसएमएस अलर्ट प्राप्त हुए। इन अलर्ट में क्रमशः 98,564 रुपये और 98,463 रुपये के लेनदेन की सूचना दी गई थी। दोनों लेनदेन एक प्रमुख ऑनलाइन शॉपिंग रिटेलर के पक्ष में किए गए थे। कुल मिलाकर 1,97,027 रुपये की राशि कथित रूप से निकाली गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ये दोनों लेनदेन पूरी तरह अनधिकृत थे। अलर्ट मिलते ही उन्होंने तत्काल क्रेडिट कार्ड विभाग से संपर्क कर अपना कार्ड ब्लॉक करने का अनुरोध किया। साथ ही बैंक के चार्जबैक ईमेल पते पर ट्रांजैक्शन डिस्प्यूट फॉर्म भेजा। उसी रात उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, जिसके लिए उन्हें एक एक्नॉलेजमेंट नंबर जारी किया गया। करीब 15 दिन बाद बैंक की ओर से उन्हें संबंधित ट्रांजैक्शन आईडी उपलब्ध कराई गई। पुलिस ने बताया कि कथित धोखाधड़ी से जुड़े लाभार्थियों का पता लगाने और डिजिटल ट्रेल की जांच के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी बैंक और पेमेंट गेटवे के साथ समन्वय कर विवादित लेनदेन से जुड़े तकनीकी विवरण जुटा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।