फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

ऑनलाइन निवेश के नाम पर व्यवसायी से 51.3 लाख की ठगी

न्यूटाउन थाना इलाके की घटना

विधाननगर : न्यू टाउन थाना क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक व्यवसायी से 51.3 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना न्यू टाउन के एक्शन एरिया-1 इलाके की है।

क्या है पूरा मामला

शिकायत के मुताबिक, दिसंबर 2025 में व्यवसायी को वॉट्सऐप पर एक महिला ने संपर्क किया, जिसने खुद को अंजलि शर्मा बताया और अंतरराष्ट्रीय शेयरों में निवेश की विशेषज्ञ होने का दावा किया। उसने अधिक मुनाफे का लालच देकर पीड़ित को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के लिंक के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर किए। 11 दिसंबर को एक ऐश ब्रिक्स कंपनी के खाते में 1 लाख रुपये और 13 दिसंबर को एक कंस्ट्रक्शन फर्म के खाते में 1 लाख रुपये भेजे। 17 दिसंबर को एक ट्रेडिंग फर्म के खाते में 8 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। बाद में प्लेटफॉर्म पर दिखाए जा रहे कथित मुनाफे के लालच में आकर उसने 5 से 15 जनवरी के बीच आयोजित एक तथाकथित “इवेंट” के दौरान और निवेश किया। 6 जनवरी को एक स्टेशनरी फर्म के खाते में 20 लाख रुपये और एक बुलियन फर्म के खाते में 1.3 लाख रुपये जमा किए गए। वहीं 8 जनवरी को एक ट्रेडिंग फर्म के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। 15 जनवरी 2026 को जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो उससे सभी तरह का संपर्क बंद हो गया और उसका अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया गया। मामले में 6 मार्च को पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2) (धोखाधड़ी), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। यह शिकायत एनबीसीसी टावर के पास रहने वाले पीड़ित की ओर से दर्ज कराई गई है।

पुलिस आरोपितों की पहचान और ठगी की रकम के लेनदेन का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों को निशाना बनाकर इस तरह की साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।


SCROLL FOR NEXT