फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

विदेशी गोल्ड ईटीएफ में निवेश का झांसा देकर 34.90 लाख की ठगी

विधाननगर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज

विधाननगर : विदेशी गोल्ड ईटीएफ ट्रेडिंग में निवेश करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 34.90 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित कनिष्क बनर्जी की शिकायत पर विधाननगर साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को कनिष्क बनर्जी को वॉट्सएप पर दो अज्ञात नंबरों से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाली महिला ने अपना नाम कार्तिका चौहान बताया और खुद को एक नामी इन्वेस्टमेंट कंपनी से जुड़ा हुआ बताया। महिला ने कनिष्क से कहा कि अगर वे विदेशी गोल्ड ईटीएफ ट्रेडिंग में निवेश करेंगे तो एक महीने के भीतर उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी।

विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने पीड़ित को एक एपीआई लिंक भी भेजा, जिसमें निवेश पर मुनाफे की फर्जी जानकारी दिखाई गई। इस झांसे में आकर कनिष्क ने शुरुआत में 7.90 लाख रुपये का निवेश किया। इसके बाद आरोपी ने लगातार बातचीत जारी रखी और धीरे-धीरे पीड़ित ने अपने बैंक के दो खातों के माध्यम से यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए कुल 34.90 लाख रुपये निवेश कर दिए।

हालांकि, 18 जनवरी 2026 को आरोपी ने अचानक कनिष्क से संपर्क तोड़ लिया और उनके सभी मैसेज ब्लॉक कर दिए। इसके बाद कनिष्क को ठगी का पता चला और उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन निवेश करते समय सतर्क रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या अनजाने व्यक्तियों से निवेश करने से बचना चाहिए।

यह मामला एक बार फिर यह याद दिलाता है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर बड़ी रकम ठगी की जा सकती है, इसलिए किसी भी वित्तीय लेन-देन में पूरी सतर्कता बरतना जरूरी है

SCROLL FOR NEXT