कोलकाता: गिरीश पार्क इलाके में एक व्यक्ति का रुपयों से भरा बैग चोरी करने के आरोप में पुलिस ने बिट्टू मंडल नामक युवक को गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपित को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहाँ न्यायाधीश ने उसे 2 मई तक जेल हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। सरकारी वकील राधानाथ रंग ने अदालत को बताया कि घटना के समय शिकायतकर्ता व्यक्ति अपना बैग पास में रखकर रोटी खा रहा था। उसी दौरान आरोपी बिट्टू मंडल की नजर उस बैग पर पड़ी और वह मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गया। बैग में 70 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज थे। चोरी की शिकायत मिलने के बाद गिरीश पार्क थाना पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। खुफिया जानकारी और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस ने आरोपी बिट्टू मंडल को ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुए रुपये और बैग भी बरामद कर लिए हैं।
रविवार को सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष ने आरोपी को हिरासत में रखने की अपील की, ताकि घटना के पीछे किसी गिरोह का हाथ होने की संभावना की जांच की जा सके। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद बिट्टू मंडल को 2 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।