सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की एक नामी आभूषण दुकान से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के गहने चोरी करने के मामले में कोलकाता पुलिस की एंटी फ्रॉड शाखा ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम अनंत कुमार गुप्ता है। पुलिस ने उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को अभियुक्त को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि अनंत कुमार गुप्ता शेक्सपियर सरणी स्थित एक आभूषण दुकान में कर्मचारी था और दुकान के व्यावसायिक लेन-देन तथा हिसाब-किताब से जुड़े काम देखता था। आरोप है कि 2021 से 2026 के बीच हिसाब में कथित तौर पर हेराफेरी कर करीब 60 किलोग्राम सोना और 10 किलोग्राम चांदी निकाल ली गई। चोरी गए सोने-चांदी की मौजूदा बाजार कीमत करीब 66 करोड़ रुपये है। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि अभियुक्त ने कथित तौर पर एक बार में पूरी रकम या धातु नहीं, बल्कि कई चरणों में सोना और चांदी निकालकर चोरी की। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच और अभियुक्त से पूछताछ के लिए उसकी पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अभियुक्त अनंत कुमार गुप्ता को 5 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।