फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, फिजियोथेरेपिस्ट गिरफ्तार

अभियुक्त को 28 मई तक पुलिस हिरासत

कोलकाता : शादी का प्रलोभन देकर एक युवती के साथ बार-बार यौन शोषण करने के आरोप में श्यामपुकुर थाने की पुलिस ने एक फिजियोथेरेपिस्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सजल दे के रूप में हुई है। गुरुवार को उसे बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 28 मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना उत्तर कोलकाता के श्यामपुकुर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपित सजल दे पेशे से एक फिजियोथेरेपिस्ट है। पहली मुलाकात के बाद ही आरोपित ने युवती के साथ नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी थीं। पीड़िता का आरोप है कि सजल ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी का झांसा देकर समय-समय पर उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया कि जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपित अपने वादे से मुकर गया और विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने इस साल मार्च महीने में श्यामपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित को फिलहाल पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।


SCROLL FOR NEXT