कोलकाता: महानगर में शराब के नशे में दुश्मन की दुकान जलाने गया व्यक्ति गलती से दूसरे व्यक्ति की दुकान में आग लगा बैठा। यह घटना न्यू अलीपुर थाना अंतर्गत साहापुर इलाके की है। आग में उक्त दुकान जलकर राख हो गई। पुलिस ने मामले में अभियुक्त आलोक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे अदालत में पेश करने पर अदालत ने 8 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, आलोक सिंह का साहापुर इलाके में मोबाइल दुकान चलाने वाले मंटू के साथ रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि 31 दिसंबर को आलोक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक पर गया था और वहां काफी मात्रा में शराब पी ली थी। नशे की हालत में देर रात वह मंटू की दुकान में आग लगाने के लिए गया, लेकिन रात के अंधेरे और नशे की वजह से उसने मंटू की जगह दूसरे व्यक्ति की दुकान में आग लगा दी। आग में दुकान में रखे लगभग 4 लाख रुपये के सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद दुकान के मालिक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आलोक सिंह को गिरफ्तार किया और फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।