सांकेतिक फोटो  
कोलकाता सिटी

अवैध संबंध के शक में पत्नी की पीटकर हत्या का आरोप

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : प्रेम विवाह के मात्र छह माह बाद अवैध संबंध के शक में गृहवधू रिया मंडल ( 20) की पीट-पीटकर हत्या का गंभीर आरोप ससुराल पक्ष पर लगा है। पुलिस ने पति अनिमेष मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना गोसाबा ब्लॉक के कुमिरमारी स्थित बाघना पाड़ा की है। दूरस्थ सुंदरवन क्षेत्र होने से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुंदरवन कोस्टल थाना अंतर्गत कचुखाली 6 नंबर इलाके की रिया बरकंदाज का अनिमेष मंडल से प्रेम संबंध था। दोनों ने छह माह पहले प्रेम विवाह किया था। सोमवार रात दंपति के बीच झगड़ा हुआ। रात करीब 2 बजे कमरे से अनिमेष की चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े। अंदर रिया का शव फंदे से लटका मिला। ग्रामीण चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मायके को सूचना दी गई। रिया के परिजन मौके पर पहुंचे। सुंदरवन कोस्टल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मायके का आरोप

रिया को पीट-पीटकर मारा गया। चोट के निशान छिपाने और हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए फंदा लगाकर लटकाया गया। परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ससुराल का दावा: रिया का किसी के साथ अवैध संबंध था। बात खुलने पर झगड़ा हुआ और उसने खुद फांसी लगा ली। अनिमेष ने पुलिस को यही बयान दिया।

प्रेम विवाह के छह माह बाद दर्दनाक अंत

पड़ोसियों ने बताया कि विवाह के बाद से ही दंपति में तनाव था। रिया अक्सर मायके जाना चाहती थी। अनिमेष पर शक करता था। घटना की रात जोरदार झगड़ा हुआ था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोन रिकॉर्ड और गवाहों के बयान जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिले तो हत्या का केस मजबूत होगा। ग्रामीणों में आक्रोश है। महिलाएं ससुराल के बाहर प्रदर्शन कर रही हैं। पंचायत सदस्यों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।’’ इस घटना ने सुंदरवन के दूरस्थ गांवों में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

SCROLL FOR NEXT