कोलकाता : विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने पूर्व मुख्यमंत्री तथा टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए ममता बनर्जी ने विधानसभा के कर्मचारियों का उपयोग अपने कालीघाट स्थित आवास पर निजी कार्यों के लिए किया, जो संवैधानिक मर्यादाओं और नैतिक मानकों का उल्लंघन है।
ऋतब्रत बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि विधायक बनने के बाद उन्हें कई बार अपने आधिकारिक कार्यों के लिए विधानसभा कर्मचारियों की कमी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि विधानसभा के कुछ कर्मचारियों को पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर निजी कार्यों में लगाया जाता था।
उन्होंने कहा कि विधानसभा कर्मचारियों का काम सदन और जनप्रतिनिधियों के संसदीय कार्यों में सहयोग करना है। उनका उपयोग किसी व्यक्ति विशेष के घरेलू या निजी कार्यों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था विधानसभा के प्रशासनिक नियमों और स्थापित प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा और सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपी जाएगी। ऋतब्रत बनर्जी ने विधानसभा सचिवालय से इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, ममता बनर्जी या उनके खेमे की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।