कोलकाता: विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस को फिर से संगठित करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आगामी 14-15 मई को कालीघाट स्थित अपने आवास पर जिलों के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक बुलाई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनावी हार की समीक्षा, बूथ स्तर पर संगठन को फिर से सक्रिय करना और भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार करना बैठक का मुख्य एजेंडा होगा। कालीघाट कार्यालय से विभिन्न जिला अध्यक्षों को पहले ही लिखित संदेश भेजा जा चुका है। नेताओं से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।
15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद पहली बार तृणमूल को इतनी बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल केवल 80 सीटों पर सिमट गई। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी की हार को भी बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठनात्मक कमजोरियों, गुटबाजी और नेतृत्व संकट पर भी चर्चा हो सकती है। इस बीच, ममता की नई अंग्रेजी कविता ‘ब्रेव’ भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष का संदेश दिया है।