प्रसेनजीत
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर के उड़िया पाड़ा (70 नंबर वार्ड) में आयोजित जनसभा में क्षेत्र के विभिन्न समुदायों को संबोधित करते हुए कहा कि भवानीपुर “मिनी इंडिया” की तरह है, जहां सभी भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों के लोग मिलजुलकर शांति से रहते हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।
इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी करते हुए कहा, “मैं सभी भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों से प्रेम करती हूं। भले ही मैं हर भाषा में पूरी तरह धाराप्रवाह बात नहीं कर सकती हूं, लेकिन मैं दिल से लोगों से उनकी भाषा में संवाद करने की कोशिश करती हूं, यह किसी टेलीप्रॉम्प्टर के सहारे नहीं होता।” उनका यह बयान राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने बिना नाम लिये प्रधानमंत्री की सार्वजनिक भाषण शैली पर निशाना साधा।
दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के तहत शनिवार को ममता बनर्जी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहा। उत्तरपाड़ा की सभा के बाद उन्होंने लगातार दो पदयात्राएं कीं जिनमें एक दमदम उत्तर विधानसभा क्षेत्र में और दूसरी अपने क्षेत्र भवानीपुर में हुई। इसके बाद उन्होंने उड़िया पाड़ा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस समय भीषण गर्मी के कारण चुनावी सभाएं करना कठिन हो रहा है और लू के बीच लगातार प्रचार करना पड़ रहा है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से अब तक उनकी कोई सभा रद्द नहीं हुई, केवल एक दिन चक्रवात के कारण देरी हुई थी। ममता ने लोगों से अपील की कि वे भवानीपुर से तृणमूल कांग्रेस को समर्थन दें। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ही सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा, “(पहले चरण की) 152 सीटों में हम 100 से ज्यादा पार कर चुके हैं।
अगर हमारे पास पूर्ण बहुमत होगा तो सरकार बनाने में सुविधा होगी, नहीं तो विपक्ष महाराष्ट्र की तरह हॉर्स ट्रेडिंग कर सकता है।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों का अपमान करना गलत है और सभी को सम्मान मिलना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा, “मैं बदले की राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन इस बार लोकतांत्रिक तरीके से वोट के जरिए जवाब दूंगी।”