ममता बनर्जी 
कोलकाता सिटी

पार्टी को पेशा नहीं, जुनून बनाइए : ममता

लीगल सेल और वकीलों की बैठक में अहम संदेश

कोलकाता : कालीघाट में तृणमूल कांग्रेस लीगल सेल और पार्टी समर्थक वकीलों के साथ हुई बैठक में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने संगठन और कानूनी लड़ाई को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “पार्टी को नशे की तरह अपनाइए, पेशे की तरह नहीं।”

सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने कहा कि कानून और न्यायिक व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकतों में से एक है। आज भी आम लोग सब कुछ हारने के बाद न्याय की उम्मीद में अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं लोगों के अधिकारों के लिए सुप्रीम कोर्ट और कलकत्ता हाईकोर्ट में लड़ाई लड़ी है और अब वही जिम्मेदारी पार्टी के वकीलों और नेताओं को निभानी होगी।

उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब हमारे कार्यकर्ताओं पर बेरहमी से हमले किए जा रहे हैं और उन्हें लगातार डराकर दबाने की कोशिश हो रही है, तब उनके अधिकारों की रक्षा करने, उनकी गरिमा बनाए रखने और राजनीतिक हिंसा के हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हमें एकजुट होकर खड़ा होना होगा।” सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ममता ने निर्देश दिया कि पोस्ट-पोल वायलेंस के शिकार कार्यकर्ताओं को हर प्रकार की कानूनी सहायता दी जाए।

झूठे मामलों में फंसाए गए या जेल भेजे गए लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा। बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि दूरदराज के गांवों में कई लोग कानूनी मदद लेने की प्रक्रिया तक नहीं जानते, इसलिए स्थानीय नेताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। ममता ने चुनाव बाद हिंसा के संदर्भ में हाईकोर्ट के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि अदालत की गाइडलाइन का पालन करते हुए ही आगे काम किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT