कोलकाता सिटी

कोलकाता से बाहर भी दौड़ेगी मेट्रो : बंगाल के अन्य शहरों तक विस्तार की तैयारी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान25 से 35 लाख आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में सिटी मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश हावड़ा मैदान मेट्रो को सांतरागाछी स्टेशन से जोड़ने व बी गार्डन से बाली होते हुए दक्षिणेश्वर से हुगली डानकुनी तक जोड़ने का प्रस्ताव

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल में मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि कोलकाता महानगर की सीमाओं से बाहर राज्य के अन्य प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भी मेट्रो या सिटी मेट्रो सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस संबंध में राज्य सरकार ने प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्र से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 25 लाख से 35 लाख आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में नगरीय मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा गया था, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने बताया कि राज्य का शहरी विकास एवं नगर मामलों का विभाग प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को योजना निर्माण, रूट मैप तैयार करने और डीपीआर बनाने का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। तैयार रिपोर्ट को मंजूरी के लिए नई दिल्ली भेजा जाएगा।

मेट्रो परियोजनाओं में केंद्र के सहयोग का उल्लेख : मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा मेट्रो परियोजनाओं के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है और राज्य सरकार उस सहयोग का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को भी उन विकास योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, जिनका फायदा देश के अन्य राज्यों को मिल रहा है। उन्होंने कहा, राज्य सरकार केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी ताकि पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचा विकास की गति और तेज हो सके।

आधुनिक शहरी परिवहन का प्रमुख माध्यम बन रही है मेट्रो : मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो रेल आज केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आधुनिक जीवनशैली और आर्थिक विकास का प्रतीक बन चुकी है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होती है, यात्रा खर्च घटता है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। साथ ही मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होती है।

किन शहरों तक पहुंचेगी मेट्रो, इस पर बनी हुई है उत्सुकता : हालांकि राज्य सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि नई सिटी मेट्रो सेवा किन शहरों में शुरू की जाएगी। इसे लेकर विभिन्न जिलों और शहरों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उत्तर 24 परगना के बारासात और दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर तक मेट्रो विस्तार की परियोजनाओं पर पहले से काम चल रहा है। इसके अलावा हावड़ा और हुगली जिले भी संभावित विस्तार क्षेत्रों के रूप में देखे जा रहे हैं। हालांकि अधिकांश शहरों की आबादी 25 से 35 लाख के मानदंड से कम है, इसलिए अंतिम चयन डीपीआर और व्यवहार्यता अध्ययन के बाद ही तय होगा।

मेट्रो व ट्रेन के जंजाल से जुड़ जायेगा कोलकाता, हावड़ा व हुगली : शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग के राज्यमंत्री उमेश मंत्री ने सन्मार्ग से कहा कि गत सप्ताह जब रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बैठक की थी तो कई मंत्री ने अपने अपने प्रस्ताव दिया था। इसमें उन्होंने खुद हावड़ा व हुगली को मेट्रो के जरिये कोलकाता से जोड़ने का प्रस्ताव दिया था। उनका कहना है कि इसमें हावड़ा मैदान मेट्रो को एक्सटेंड करके सांतरागाछी स्टेशन तक जोड़ने का प्रस्ताव था। ताकि सांतरागाछी स्टेशन जो कि एक वर्ल्ड क्लास स्टेशन बन रहा है। उसमें प्रवेश करनेवाले यात्रियों को कनेक्टिविटी की समस्या होती है। इससे वह समस्या का समाधान होगा। वहीं बी गार्डन से बाली होते हुए दक्षिणेश्वर व डानकुनी तक मेट्रो सेवा को ले जाने का भी प्रस्ताव है। इससे जो लोग शालीमार स्टेशन में आते हैं। उनकी भी वहीं मुख्य समस्या है तो वे भी मेट्रो के जरिये हावड़ा और फिर वहां से बाली होते हुए डानकुनी तक जा सकेंगे। वहीं इन दोनों ही रूट से वे हावड़ा के बाद एयरपोर्ट और कोलकाता के बाकी हिस्सों में जा सकेंगे। इससे हावड़ा को भविष्य में ग्रेटर कोलकाता से और भी मजबूत तरीके से जोड़ा सके।

SCROLL FOR NEXT