फाइल फोटो  
कोलकाता सिटी

मैदान मार्केट शिफ्टिंग: विरोध से बातचीत तक पहुंचे व्यापारी

शिफ्टिंग पर व्यापारियों की देर रात बैठक, फैसला अभी टला

कोलकाता : पर्पल लाइन मेट्रो परियोजना के तहत एस्प्लानेड मेट्रो स्टेशन के निर्माण को गति देने के लिए राज्य सरकार की ओर से डॉ. बी.सी. रॉय मार्केट (मैदान मार्केट) के व्यापारियों को अस्थायी स्टॉलों में स्थानांतरित होने का नोटिस दिए जाने के 24 घंटे बाद व्यापारियों के रुख में कुछ नरमी देखने को मिली है।

हालांकि, बाजार खाली करने और नए स्थान पर जाने को लेकर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

सरकार ने हाल ही में बाजार परिसर में नोटिस चस्पा कर व्यापारियों को निर्धारित समय के भीतर रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा तैयार किए गए अस्थायी स्टॉलों में स्थानांतरित होने का निर्देश दिया है।

यह कदम लंबे समय से लंबित पर्पल लाइन के एस्प्लानेड स्टेशन के निर्माण कार्य को शुरू करने के उद्देश्य से उठाया गया है। सरकार ने व्यापारियों को 26 अगस्त तक बाजार खाली करने की समय सीमा दी है।

नोटिस जारी होने के बाद शुक्रवार को व्यापारियों द्वारा गठित समिति की बैठक देर रात तक चली। बैठक में बाजार के भविष्य, पुनर्वास की व्यवस्था, अस्थायी स्टॉलों की सुविधाओं और स्थानांतरण की प्रक्रिया सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्थानांतरण को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। सभी व्यापारियों की राय लेने और सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में व्यापारियों के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं। पहले जहां कई व्यापारी स्थानांतरण का खुलकर विरोध कर रहे थे, वहीं अब अधिकांश व्यापारी परिस्थितियों को देखते हुए उपलब्ध विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। इसके बावजूद शुक्रवार तक किसी भी व्यापारी ने अपनी दुकान खाली नहीं की थी।

व्यापारियों का कहना है कि वे चाहते हैं कि पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और अस्थायी स्टॉलों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनके कारोबार पर न्यूनतम असर पड़े।

दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि मेट्रो परियोजना शहर के यातायात ढांचे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और निर्माण कार्य में अब और देरी नहीं की जा सकती। ऐसे में निर्धारित समय सीमा के भीतर बाजार को खाली कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT