कोलकाता : गरियाहाट थानांतर्गत डोवर प्लेस स्थित अपार्टमेंट में एक 79 वर्षीय वृद्धा के घर से गहनों से भरा ज्वेलरी बॉक्स गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला ने अपनी नई नौकरानी पर चोरी करने का संदेह जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर मंजू रानी पोद्दार ने गरियाहाट थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मंजू रानी पोद्दार (79) डोवर प्लेस स्थित अपार्टमेंट के फ्लैट में अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को दोपहर करीब 12.30 बजे उन्होंने अपने कमरे की आलमारी से गहनों का एक बॉक्स निकालकर बिस्तर पर रखा था और गहने देख रही थीं। इसी दौरान उनका फोन बजा, जो रसोई में रखा था। फोन उठाने के लिए वह कमरे से बाहर चली गईं और डाइनिंग एरिया में खड़े होकर बातचीत करने लगीं। उस समय घर में नई काम करने वाली नौकरानी छवि खान कमरे में झाड़ू लगा रही थी। वह सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक काम करती थी। फोन पर बात करने के बाद जब मंजू रानी पोद्दार कमरे में लौटीं तो छवि ने बताया कि उसका झाड़ू का काम खत्म हो गया है और वह पोंछा लगाकर उस दिन जल्दी घर चली जाएगी। महिला ने इसकी अनुमति दे दी। इसके बाद मंजू रानी पोद्दार किसी जरूरी काम से घर से बाहर चली गईं। दरअसल, उनके एक रिश्तेदार का निधन हो गया था और उन्हें तुरंत बाहर जाना पड़ा। जब वह घर से निकलीं, तब तक नौकरानी भी जा चुकी थी। 6 मार्च की सुबह जब उन्होंने आलमारी खोली तो ज्वेलरी बॉक्स वहां नहीं था। उन्हें याद आया कि शायद वह बॉक्स वापस आलमारी में रखना भूल गई थीं। उन्होंने पूरे घर में तलाश की लेकिन बॉक्स नहीं मिला। बाद में उन्होंने अपने बेटे को इसकी जानकारी दी और 6 मार्च की सुबह 3 बजे जयपुर के लिए रवाना हो गईं। 9 मार्च की रात को लौटने के बाद उन्होंने एक बार फिर पूरे घर में तलाश की, लेकिन ज्वेलरी बॉक्स नहीं मिला। 10 मार्च को जब घरेलू सहायिका काम पर नहीं आई और उसने संपर्क भी नहीं किया, तब महिला को उस पर शक हुआ कि उसने 4 मार्च को ही ज्वेलरी बॉक्स चुरा लिया।
गायब ज्वेलरी बॉक्स में हीरे और सोने के झुमके, सोने और हीरे के कंगन, सोने व हीरे की अंगूठियां, मोती का हार, सोने की चेन, एक सुनहरे रंग की महिला घड़ी, दो चांदी के सिक्के, श्रीकृष्ण की छोटी फोटो फ्रेम और सोने के कानों के आभूषण समेत कई कीमती सामान थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत बाजार में लाखों रुपये है। शक के आधार पर महिला ने नौकरानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।