अभियुक्त की निशानदेही पर बरामद सोने के गहने 
कोलकाता सिटी

खाया जिसका नमक, उसी के घर में सेंध

बेनियापुकुर से 30 लाख की ज्वेलरी चुराने वाला नौकर गिरफ्तार

कोलकाता : तिलजला रोड स्थित एक रिहायशी मकान से चोरी गए करीब 30 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहनों के मामले को बेनियापुकुर थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी घरेलू नौकर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर झारखंड के गिरिडीह से शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद कर लिया है। ​सीसीटीवी और विरोधाभासी बयानों से खुला राज पुलिस के अनुसार, चोरी की यह घटना 14 जुलाई से 11 अगस्त 2026 के बीच हुई थी। घर के मालिक की शिकायत के बाद बेनियापुकुर थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। संदेह के आधार पर जब घर के नौकर धुपण पासवान से पूछताछ की गई, तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास देखने को मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने 24 अगस्त को अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ​ससुराल में छिपाकर रखे थे गहने आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की एक विशेष टीम झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित उसके पैतृक गांव पहुंची। जांच को भटकाने के लिए आरोपी ने पुलिस को काफी गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम की सख्ती के आगे उसकी एक न चली। आखिरकार, 26 अगस्त को गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के ससुराल में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 194 ग्राम वजनी सोने और हीरे के सारे गहने बरामद कर लिए।

SCROLL FOR NEXT