सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : महेशतला थाना क्षेत्र के जिंजिराबाजार जांच केंद्र के अंतर्गत मोल्लारगेट इलाके में एक महिला की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना गुरुवार की रात एक आवासीय इमारत के फ्लैट में हुई। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान नितुदेवी वाल्मीकि (35) के रूप में हुई है। घटना के सिलसिले में पुलिस ने उसके पति राजकुमार वाल्मीकि को हिरासत में लिया है।
रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, पुलिस खंगाल रही सभी पहलू
स्थानीय सूत्रों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले वाल्मीकि परिवार इस फ्लैट में रहने आया था। परिवार की ओर से पुलिस को बताया गया कि गुरुवार की रात करीब 1 बजे नितुदेवी तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट से निकलकर चौथी मंजिल की छत पर गई थीं। इसके बाद किसी तरह वह वहां से नीचे गिर गईं। तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो नितु को रक्तरंजित अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर जिंजिराबाजार जांच केंद्र की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को बरामद कर बेहला स्थित विद्यासागर अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मृतका के पति राजकुमार को हिरासत में ले लिया। नितु की मौत आत्महत्या थी, हादसा या फिर हत्या, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जिंजिराबाजार जांच केंद्र की पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण के बारे में और जानकारी मिल पाएगी।