अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म संग्रह करने के लिए कतार में खड़ी महिलाएं 
कोलकाता सिटी

महेशतल्ला पालिका में अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म के लिए उमड़ी भीड़

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : जिले के महेशतल्ला नगर पालिका कार्यालय में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना के फॉर्म संग्रह को लेकर गुरुवार को छुट्टी के दिन भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही विभिन्न इलाकों से महिलाएं ऑटो और टोटो के माध्यम से नगर पालिका कार्यालय पहुंचने लगीं। फॉर्म प्राप्त करने और जमा करने के लिए कार्यालय परिसर में लंबी कतारें लग गईं, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। कतार में खड़ी महिलाओं के चेहरों पर जहां योजना को लेकर उत्साह और उम्मीद झलक रही थी, वहीं कई महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ न मिलने की शिकायत करते हुए निराश भी नजर आईं।

आर्थिक संकट से जूझ रहीं महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना से बड़ी उम्मीद

अधिकांश महिलाओं ने कहा कि वे आर्थिक सहायता की आशा में इस योजना से जुड़ रही हैं। महिलाओं ने जतायी उम्मीद और नाराजगी मोल्लारगेट क्षेत्र की रहने वाली श्रावणी सेन ने बताया कि हाल ही में उनकी नौकरी छूट जाने से आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि वह पहली बार अन्नपूर्णा भंडार योजना का फॉर्म लेने आई हैं और इसे भरकर जमा करने के बाद सहायता मिलने की उम्मीद है। महिला ने यह भी बताया कि वह इससे पहले लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ नहीं ले पाई थीं। वहीं प्रशंसा नियोगी नामक एक अन्य महिला ने कहा कि उन्होंने कई बार लक्ष्मी भंडार योजना के लिए आवेदन किया, लेकिन अब तक उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। इसी कारण उन्हें नई अन्नपूर्णा भंडार योजना से काफी उम्मीदें हैं और वह चाहती हैं कि इस बार उन्हें सरकारी सहायता प्राप्त हो।

महेशतल्ला पालिका में अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म वितरण का कार्य जारी

नगर पालिका प्रशासन ने कहा- जारी है प्रक्रिया महेशतल्ला नगर पालिका के लोअर डिविजन क्लर्क राजेश गांगुली और कर्मचारी देवाशीष ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार अन्नपूर्णा भंडार योजना के फॉर्म वितरण और संग्रह का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और गुरुवार को लगभग 400 फॉर्म वितरित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

SCROLL FOR NEXT