महेशतल्ला के बाटानगर में बारिश के बीच पलटी एम्बुलेंस की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

महेशतला नगरपालिका के कई वार्ड जलमग्न

घुटनों तक पानी में रहने को मजबूर हैं लोग, आम लोगों ने पालिका के चेयरमैन से खाल की सफाई कराने की मांग की

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : लगातार हो रही बारिश के कारण महेशतला नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में घुटनों तक पानी जमा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके के सामने से गुजरने वाली मीरपुर खाल की सफाई पिछले करीब 10 वर्षों से नहीं की गई है। इसके कारण बारिश का पानी निकलने की समुचित व्यवस्था नहीं है। महेशतला नगरपालिका दक्षिण 24 परगना जिले की सबसे बड़ी नगरपालिकाओं में से एक है। इसके कुल 35 वार्ड हैं। इनमें 24, 25, 33, 29, 28, 31, 13, 12 और 17 नंबर वार्ड समेत कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया है। लगातार बने निम्न दबाव के कारण बारिश का सिलसिला जारी रहने की आशंका से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

जलभराव की तस्वीर

घरों में घुस रहे जहरीले सांप, बढ़ी लोगों की चिंता

जलजमाव के कारण लोगों को पानी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के साथ जहरीले सांप भी घरों में घुस रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है। लोगों का आरोप है कि ऐसी स्थिति के बावजूद कई वार्डों में पार्षदों का कोई अता-पता नहीं है।

शिकायत करें तो किससे करें ...

स्थानीय निवासियों का सवाल है कि वे नगरपालिका को नियमित रूप से कर देते हैं, लेकिन जब कोई समस्या आती है तो शिकायत लेकर आखिर किसके पास जाएं? लोगों का कहना है कि वे अपने पार्षदों को खोज रहे हैं, लेकिन उनके उपलब्ध नहीं होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार नई सरकार के प्रतिनिधियों से शिकायत करने पर उन्हें बताया जा रहा है कि नगरपालिका उनके हाथ में नहीं है और वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ऐसे में महेशतला के लोगों के सामने जलजमाव से राहत और शिकायत के समाधान को लेकर गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। लोगों की मांग है कि मीरपुर खाल की तत्काल सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि हर बारिश में उन्हें ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

महेशतला पालिका के चेयरमैन ने यह कहा :

महेशतल्ला पालिका के चेयरमैन दुलाल चंद्र दास ने कहा कि इलाके में मीरपुर खाल के कारण इलाके में समस्याएं हुई हैं। मीरपुर खाल की सफाई का काम रुपये की कमी के कारण नहीं हो पा रहा है जिससे इलाके के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।

SCROLL FOR NEXT