दक्षिण 24 परगना: महालया के पावन अवसर पर दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला नगरपालिका क्षेत्र के नुंगी और बाटानगर स्थित बाटा गंगा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महालया और पितृ तर्पण के लिए बड़ी संख्या में लोग हुगली नदी के तट पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान कर अपने पितरों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए विधि-विधान से तर्पण किया। महालया के अवसर पर घाट पर सुबह से ही लोगों का आना-जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरे इलाके में धार्मिक माहौल बना रहा। लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने पूर्वजों का स्मरण किया। बंगाल में दुर्गापूजा की शुरुआत का प्रतीक माने जाने वाले महालया के दिन पितृ तर्पण का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी परंपरा के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने हुगली नदी के तट पर पहुंचकर अनुष्ठान किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डायमंड हार्बर सांगठनिक जिला की अध्यक्ष सोमा घोष तथा महेशतला से भाजपा प्रत्याशी तमोनाथ भूमि सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा महेशतला थाने के प्रभारी तापस सिन्हा भी उपस्थित रहे। महालया के अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति और धार्मिक अनुष्ठानों के चलते क्षेत्र में दिनभर उत्सवी एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।