सांसद बापी हालदार और पूर्व मंत्री गियासुद्दीन मोल्ला मृतक के परिवार को आर्थिक मदद देते हुए 
कोलकाता सिटी

मगराहाट के रहने वाले प्रवासी मजदूर की आंध्र प्रदेश में पीट पीट हत्या!

प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौत से राज्य की राजनीति में हलचल

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : फिर दूसरे राज्य में बंगाल के प्रवासी मजदूर की पीट पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है जिससे बंगाल के प्रवासी मजदूरों के बीच आतंक का माहौल बन गया है। मृतक का नाम मंज़ूर आलम लस्कर है। वह मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के रंगीलाबाद गांव के गोयालखाली इलाके का निवासी था। सूत्रोंं के मुताबिक वह आंध्र प्रदेश के कोमारलु इलाके में पिछले 10 सालों से जरी का काम करता था। इस घटना को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस मुखर हो गई है। पार्टी का दावा है कि इसके पीछे भाजपा समर्थित गुंडों का हाथ है। आरोप है कि मंगलवार को आंध्र प्रदेश से मंज़ूर के घर एक फोन आया, जिसमें उसके परिवार से 25 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। साथ ही धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी जाएगी। घबराकर मंज़ूर के परिवार ने तत्काल ऑनलाइन छह हजार रुपये भेज दिए लेकिन पैसे भेजने के बावजूद उसे नहीं बचाया जा सका। बुधवार को मंज़ूर की मौत की खबर परिवार तक पहुंची। परिजनों का आरोप है कि चोरी के झूठे आरोप में मंज़ूर को फंसाया गया। उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और अंततः उसकी मौत हो गई। बुधवार को फोन कर परिवार को उसकी मौत की सूचना दी गई। खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जांच संबंधित प्रशासन ने शुरू कर दी है। तृणमूल कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद की है। पार्टी का दावा है कि बांग्ला भाषा बोलने के कारण ही मजदूर को निशाना बनाया गया और इस घटना में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौतों को लेकर राज्य की राजनीति में भी हलचल मची हुई है। दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के अध्यक्ष मुजीबर रहमान मोल्ला ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मृतक के परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।मृतक प्रवासी मजदूर के ‌ परिवार को दी आर्थिक मदद : मथुरापुर के सांसद बापी हालदार और पूर्व मंत्री गियासुद्दीन मोल्ला ने मृतक प्रवासी मजदूर के परिजन से मुलाकात कर आर्थिक मदद दी।

SCROLL FOR NEXT