मगराहाट : दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट थाना क्षेत्र मेंसरस्वती पूजा यानी शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित लॉरी की टक्कर से यह हादसा मागुरपुकुर इलाके में हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान कमाल हुसैन मोल्ला के रूप में हुई है। वह मगराहाट के कुमोरपाड़ा इलाके का निवासी था।स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कमाल हुसैन मोल्ला शुक्रवार की सुबह सरस्वती पूजा के अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना में शामिल हुआ था। पूजा-अर्चना के बाद वह अपने निजी काम से बाइक से बारुईपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मागुरपुकुर इलाके में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार लॉरी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कमाल हुसैन मोल्ला सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मगराहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। लॉरी चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दुर्घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। डायमंड हार्बर पुलिस के उच्च अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।