सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीबीएसई यंग इंडिया क्यूलिनरी प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए माधवी मल्ल और अविशि राज ने राष्ट्रीय फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। कक्षा 12 की छात्राएं माधवी मल्ल (12-H) और अविशि राज (12-S) ने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में सफलता हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है।
दोनों छात्राओं ने 11 अगस्त 2026 को आयोजित प्रारंभिक चरण में हिस्सा लिया था। इसके बाद अपने प्रदर्शन के दम पर उन्होंने क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। क्षेत्रीय चरण का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को आईआईएचएम ग्लोबल कैंपस में किया गया था।
यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद दोनों ने कोलकाता के शीर्ष 10 स्कूलों में अपने विद्यालय को स्थान दिलाते हुए राष्ट्रीय फाइनल में प्रवेश हासिल किया।
प्रतियोगिता का अंतिम चरण चंडीगढ़ में आयोजित होगा। इसमें माधवी मल्ल और अविशि राज देशभर के विभिन्न स्कूलों से पहुंचने वाली टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगी और अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों छात्राओं की इस सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि को पाक-कला के क्षेत्र में प्रतिभा, रचनात्मकता और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।