सुंदरवन के तटवर्तीय इलाके के लोगों को माकिंग कर लोगों को सतर्क करते हुए सिविल डिफेंस कर्मी 
कोलकाता सिटी

निम्न दबाव से तटीय इलाकों में दहशत, सुंदरवन में आपदा से निपटने की तैयारी तेज

Rambalak

दक्षिण 24 परगना : बंगाल की खाड़ी में गहरा निम्न दबाव बनने के बाद सुंदरवन के तटीय इलाकों में एक बार फिर दहशत का माहौल है। संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी है। कुलतली ब्लॉक प्रशासन की पहल पर सिविल डिफेंस की टीमों द्वारा तटीय और नदी किनारे बसे इलाकों में माइक के जरिए लोगों को सावधान किया जा रहा है। मछुआरों को समुद्र और नदियों में जाने से मना किया गया है। वहीं, कच्चे मकानों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की जा रही है। कुलतली ब्लॉक के मयपीठ तटीय थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस और सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने बुधवार को नदी किनारे बसे गांवों में जाकर लोगों को सतर्क किया। कुलतली थाना क्षेत्र के कैखाली सहित विभिन्न इलाकों में भी माइक से प्रचार किया जा रहा है। झड़खाली तटीय थाना, गोसाबा ब्लॉक के सुंदरबन तटीय थाना तथा गोसाबा, बासंती और कैनिंग थाना क्षेत्रों में भी प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कुलतली ब्लॉक के गोपालगंज ग्राम पंचायत के आटेश्वरतला इलाके में पेड़ की डाल टूटकर बिजली के तार और खंभे पर गिरने से बड़े क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। निम्न दबाव के प्रभाव से दक्षिण 24 परगना जिले के विस्तृत इलाकों में बुधवार तड़के से ही बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुंदरबन के विभिन्न इलाकों में पुलिस की ओर से माइक के जरिए लगातार चेतावनी दी जा रही है। पाथरप्रतिमा, फ्रेजरगंज, मौसुमी द्वीप और घोड़ामारा द्वीप सहित कई इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। कमजोर समुद्र और नदी तटबंधों पर भी प्रशासन की विशेष नजर है। काकद्वीप फिशरमैन वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव ने यह कहा : काकद्वीप फिशरमैन वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव बिजन माइती ने बताया कि मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित लौटने की सलाह दी गई है। अगले कुछ घंटों में मौसम और प्रतिकूल होने की आशंका जताई जा रही है।

SCROLL FOR NEXT