कोलकाता : महानगर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजाबाजार में ‘आहार कैंटीन’ शुरू करने की पहल की गई है।
एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राज्य महासचिव शंखजीत लाल मित्र के व्यक्तिगत प्रयास से यह सेवा शुरू हुई। यहां लोगों को महज एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराया गया।
प्रत्येक शनिवार 200 लोगों को मिलेगा भोजन
आयोजकों के अनुसार, कैंटीन का संचालन प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। पहले दिन लगभग 200 लोगों के भोजन की व्यवस्था रही। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराना है। महालया के दिन से सेवा शुरू करने की योजना सफल बतायी गयी।
मेन्यू में बिरयानी, सोयाबीन की सब्जी और मिठाई
कैंटीन के पहले दिन के मेन्यू में शाकाहारी बिरयानी, सोयाबीन की सब्जी और मिठाई शामिल थी। इसके अलावा, राज्य में संचालित ‘मां आहार कैंटीन’ की भोजन व्यवस्था भी चर्चा में है।
पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के दौरान ‘मां कैंटीन’ में पांच रुपये में चावल, दाल, सब्जी और अंडा दिया जाता था। बाद में भाजपा सरकार के कार्यकाल में इसका नाम ‘मां आहार कैंटीन’ किया गया। इस व्यवस्था के तहत अलग-अलग दिनों में मछली-भात और अंडा-भात भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था बताई गई है।
राजाबाजार में प्रस्तावित एक रुपये की कैंटीन से जरूरतमंदों को राहत मिलने की उम्मीद है।