फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

आरजी कर हादसा : ड्यूटी के समय नशे में थे तीनों लिफ्टमैन

आज दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा अभियुक्तों को

कोलकाता : आरजी कर लिफ्ट हादसे की जांच के दौरान पता चला कि घटना के दिन तीनों लिफ्टमैन ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में थे। रात के समय जब ट्रॉमा केयर के नंबर 2 लिफ्ट में अरूप बंद्योपाध्याय अपनी पत्नी और पुत्र के साथ फंसे थे, तब नशे में डूबे लिफ्टमैन समझ ही नहीं पाए कि क्या करना चाहिए। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि अगर ग्रील का ताला तोड़कर बेसमेंट तक पहुंचा जाता, तो तीनों को काफी पहले बचाया जा सकता था, लेकिन नशे में लिप्त लिफ्टमैनों के दिमाग में यह बात नहीं आयी। लालबाजार के पुलिस अधिकारियों की जांच में यह भी पता चला कि पूछताछ के दौरान लिफ्टमैनों ने यह स्वीकार किया कि अक्सर वे और अन्य सहकर्मी भी शराब पीकर ड्यूटी करने आते हैं। इस गैरइरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार तीनों लिफ्टमैनों और दो सुरक्षा कर्मियों को शुक्रवार को सियालदह अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब अदालत से उन्हें हिरासत में लेने के लिए आवेदन कर सकती है। पुलिस के अनुसार, ट्रॉमा केयर की प्रत्येक लिफ्ट की जिम्मेदारी अलग-अलग लिफ्टमैन को सौंपी गई थी। ड्यूटी की शुरुआत रात 10 बजे होनी थी। जांच में सामने आया कि घटना के दिन यानी 19 मार्च की शाम से ही ये लिफ्टमैन बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। हालांकि उन्होंने एक साथ शराब नहीं पी, बल्कि अलग-अलग समय पर पीना जारी रखा। रात 10 बजे वे ड्यूटी पर आए और अपनी-अपनी लिफ्ट की जिम्मेदारी संभाली। जांच में यह भी पता चला कि रात 12 बजे तक वे लिफ्ट के अंदर नहीं बल्कि आसपास घूमते रहे। उसके बाद रात 12 बजे से सीसीटीवी फुटेज में कोई लिफ्टमैन लिफ्ट के पास दिखाई नहीं दिया। पूछताछ में दो लिफ्टमैनों ने स्वीकार किया कि वे इतने नशे में थे कि खुद उठ भी नहीं सकते थे और इस दौरान सो गए। तीसरा लिफ्टमैन सातवीं मंजिल पर मोबाइल पर म्यूजिक सुन रहा था। इस कारण जब अरूप बंद्योपाध्याय के बेटे और पत्नी मदद के लिए पुकार रहे थे, तब लिफ्टमैन कुछ सुन ही नहीं पाये। उल्टे उन्होंने नशे में ही यह कह दिया कि “अब कुछ नहीं किया जा सकता।” पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों लिफ्टमैन रात में कहाँ-कहाँ शराब पीने गए थे। उनके मोबाइल और अन्य स्रोतों से भी यह जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 70 सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है।

SCROLL FOR NEXT