कोलकाता : आगामी रथ यात्रा और दुर्गा पूजा को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त अजय नंद ने मंगलवार को सभी थाना प्रभारियों (ओसी) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रथ यात्रा के मार्गों की मैपिंग, आयोजकों के साथ समन्वय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निकलने वाली रथ यात्राओं के मार्गों का सर्वेक्षण करें और यह भी पता लगाएं कि इस वर्ष कहीं कोई नई रथ यात्रा का आयोजन तो नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर स्थानीय लोग, क्लब अथवा परिवारों की ओर से रथ यात्रा निकाली जाती है। ऐसे सभी आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा गया है। पुलिस मुख्यालय लालबाजार की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि रथ यात्रा मेलों का शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। जहां आवश्यकता होगी, वहां पुलिस बल रथ यात्रा के साथ मौजूद रहेगा। साथ ही पिछले वर्ष यदि किसी रथ यात्रा के दौरान कोई विवाद या अव्यवस्था हुई थी, तो इस बार उसे रोकने के लिए पहले से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को रथ यात्रा मार्गों की सड़कों की स्थिति का भी निरीक्षण करने को कहा गया है। यदि किसी मार्ग पर सड़क क्षतिग्रस्त पाई जाती है, तो नगर निगम के सहयोग से उसे शीघ्र मरम्मत कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पूजा में अभी कुछ महीने शेष हैं, लेकिन सभी थानों को अभी से अपने क्षेत्रों के पूजा आयोजनों की जानकारी जुटानी होगी। जिन पूजा समितियों को लेकर पहले विवाद हुए थे या विवाद की आशंका है, उनकी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जिन क्षेत्रों में पूजा समितियों या क्लबों का प्रबंधन बदला है, वहां नए पदाधिकारियों की जानकारी एकत्र करने और किसी संभावित विवाद की आशंका का आकलन करने को कहा गया है। पुलिस को प्रत्येक बड़े पूजा आयोजन में संभावित श्रद्धालुओं और आगंतुकों की संख्या का भी अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की समुचित योजना पहले से बनाई जा सके।