कुणाल घोष 
कोलकाता सिटी

ओम बिरला की प्रशिक्षणशाला से कुणाल का वॉकआउट

स्पीकरों पर लगाया 'दल तोड़ने' का आरोप

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के नव-निर्वाचित विधायकों के लिए न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन तृणमूल (ममता गुट) के विधायक कुणाल घोष कार्यक्रम में शामिल होने के कुछ देर बाद ही वॉकआउट कर गए। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और विधानसभा स्पीकर रथींद्र बोस पर तृणमूल को तोड़ने का आरोप लगाया।

कुणाल ने कहा, "विधायक होने के नाते यहां आना मेरा कर्तव्य था, लेकिन बाहर निकलना मेरा फैसला है। मैं उन लोगों से संसदीय परंपरा, नियम और शिष्टाचार नहीं सीख सकता जो तृणमूल को तोड़ने की राजनीति से जुड़े हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा स्पीकर ने दल बदलने वाले 'विद्रोही' सांसदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, जबकि विधानसभा स्पीकर ने बागी विधायकों को मान्यता दी।

उन्होंने कहा, "लोकसभा और विधानसभा स्पीकर के पद का मैं सम्मान करता हूं, लेकिन उनकी भूमिका के कारण उनसे संसदीय परंपरा नहीं सीख सकता। किसका भाषण सुनना है, यह मेरा निर्णय है।" बिना नाम लिए उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी खेमे पर भी निशाना साधा। कुणाल ने कहा कि संसदीय कार्यप्रणाली सीखने के लिए पूर्व विधानसभा स्पीकर विमान बंद्योपाध्याय और वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय जैसे अनुभवी मार्गदर्शक उनके लिए पर्याप्त हैं।

हालांकि, उन्होंने विधायकों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की पहल का स्वागत भी किया।

SCROLL FOR NEXT