कुणाल घोष 
कोलकाता सिटी

दोषी हों तो फिरहाद को भी गिरफ्तार करें : कुणाल

तारातला हादसे पर पार्टी प्रवक्ता का बड़ा बयान

कोलकाता : तारातला हादसे को लेकर तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर इस मामले में पूर्व मेयर फिरहाद हकीम की कोई जिम्मेदारी बनती है, तो उन्हें भी तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर फिरहाद की कोई भूमिका साबित नहीं होती, तो केवल राजनीतिक मकसद से उनका नाम उछालना भी गलत होगा। कुणाल घोष ने पत्रकारों से कहा कि तारातला की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, अगर सचमुच उनकी जिम्मेदारी बनती है, तो उन सभी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अवैध निर्माण और कथित अवैध प्लान से जुड़े हर व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग भी की।

फिरहाद हकीम के संदर्भ में कुणाल ने कहा कि इतने बड़े हादसे की जिम्मेदारी से मेयर पूरी तरह पल्ला नहीं झाड़ सकते, लेकिन यह भी देखना होगा कि हस्ताक्षर किस परिस्थिति में किए गए थे।

क्या उन्होंने बिना देखे दस्तखत किए, रूटीन फाइल समझकर साइन किया या किसी सिफारिश के आधार पर हस्ताक्षर हुए,यह जांच का विषय है। कुणाल ने साफ किया कि इस बयान का मतलब यह नहीं है कि वह फिरहाद के बचाव में खड़े हैं।

SCROLL FOR NEXT