रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तम नस्कर और सोमेन हालदार के रूप में हुई है। दोनों कुलपी थाना क्षेत्र के रामकृष्णपुर और भगवानपुर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। यह हादसा कुलपी थाना क्षेत्र के खासमहाल इलाके में घटी है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह दोनों युवक बाइक पर सवार होकर काम पर जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक लॉरी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक जोगरंजन हालदार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने लोगों से सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।