कोलकाता सिटी

कृष्ण का राधा के नाम खत अब Gen Z की आवाज में

‘कन्हैया की चिट्ठी’ कथा कॉन्सर्ट 13 सितंबर को

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आम धारणा है कि Gen Z की युवा पीढ़ी मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और आधुनिक गैजेट्स की दुनिया में इतनी व्यस्त है कि आध्यात्मिकता और भक्ति संगीत से उसका कोई खास जुड़ाव नहीं है। लेकिन इसी धारणा को चुनौती देने के लिए Gen Z के आठ युवा एक अनूठा भक्ति-आधारित कथा कॉन्सर्ट प्रस्तुत करने जा रहे हैं।

‘कन्हैया की चिट्ठी’ नाम से होने वाले इस कथा कॉन्सर्ट में भगवान कृष्ण द्वारा राधा को लिखे गए खत की भावनाओं और कथा को संगीत एवं कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। खास बात यह है कि इस प्रस्तुति से जुड़े कलाकारों की उम्र महज 19 से 24 वर्ष के बीच है।

इस कथा कॉन्सर्ट में उमंग अग्रवाल, श्रेयांश बसु, आर्चिस दास, विनायक जायसवाल, नंदिका बुचसिया, हैरी डेनियल, प्रियांश संघारिया और यश पचीसिया शामिल हैं। ये युवा कृष्ण की आवाज़, भक्ति संगीत और कथा-वाचन के माध्यम से दर्शकों के सामने एक अलग तरह का आध्यात्मिक अनुभव पेश करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, देश में अपनी तरह का यह पहला ‘कथा कॉन्सर्ट’ है, जिसमें युवा पीढ़ी भक्ति, संगीत और कहानी कहने की कला को एक साथ मंच पर लेकर आएगी। इसका उद्देश्य यह दिखाना भी है कि आधुनिक दौर की युवा पीढ़ी के लिए आध्यात्मिकता केवल पुरानी परंपरा नहीं, बल्कि भावनाओं और आत्मिक जुड़ाव का एक जीवंत माध्यम हो सकती है।

‘कन्हैया की चिट्ठी’ कथा कॉन्सर्ट का आयोजन 13 सितंबर को शाम 5 बजे से नेशनल लाइब्रेरी ऑडिटोरियम, कोलकाता में किया जाएगा।

Gen Z के इन आठ युवाओं की यह पहल इस सवाल का भी जवाब देती नजर आएगी कि आधुनिक तकनीक के बीच पली-बढ़ी नई पीढ़ी क्या कृष्ण की कथा, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से जुड़ सकती है। मंच पर होने वाली यह प्रस्तुति परंपरा और आधुनिकता के इसी संगम को सामने लाने का प्रयास है।

SCROLL FOR NEXT